ग्वालियर/डबरा।
डबरा में आयोजित कलश वितरण कार्यक्रम के दौरान हुई दुखद घटना में घायल महिलाओं से मिलने पूर्व गृह मंत्री और भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा ग्वालियर स्थित अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती महिलाओं से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों से चर्चा की।
इस दौरान नरोत्तम मिश्रा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में एक महिला की मृत्यु को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतक महिला के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की। साथ ही उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ सरकार और समाज खड़ा है।
पूर्व गृह मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और सभी को समुचित चिकित्सकीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि घटना की पूरी जानकारी लेकर आगे आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
गौरतलब है कि डबरा में कलश वितरण कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था के चलते यह हादसा हुआ था, जिसमें कई महिलाएं घायल हो गई थीं। मामले की जांच और व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन सतर्कता बरत रहा है।
