भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का गुरुवार (26 दिसंबर) को 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह उम्र से संबंधित बीमारियों से पीड़ित थे।
पूर्व पीएम के निधन को लेकर दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ने प्रेस विज्ञप्ति जारी की, जिसमें कहा गया, ‘बहुत दुख के साथ हम भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के 92 वर्ष की आयु में निधन की सूचना दे रहे हैं। उम्र से संबंधित चिकित्सा स्थितियों के लिए उनका इलाज किया जा रहा था और 26 दिसंबर 2024 को वे अचानक घर पर बेहोश हो गए। घर पर ही उन्हें बचाने के उपाय तुरंत शुरू किए गए। उन्हें रात 8:06 बजे नई दिल्ली के एम्स की मेडिकल इमरजेंसी में लाया गया।
तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका और रात 9:51 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री से लेकर देश के कई बड़े नेताओं और हस्तियों ने पूर्व पीएम के निधन पर दुख जताया है।
भारत सरकार ने आज (27 दिसंबर) के लिए निर्धारित सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं और 7 दिनों का राष्ट्रीय शोक घोषित किया है। डॉ. मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। उनका अंतिम संस्कार शनिवार (28 दिसंबर) को होने की उम्मीद है। मनमोहन सिंह का जन्म 1932 में पंजाब में हुआ था। वे 2004 से 2014 तक लगातार दो बार भारत के प्रधानमंत्री रहे। 2004 के लोकसभा चुनावों में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए के खिलाफ कांग्रेस की जीत के बाद उन्होंने पहली बार 2004 में प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। उन्होंने 2009 से 2014 तक अपना दूसरा कार्यकाल पूरा किया। उसके बाद 2014 में उनकी जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ली। 33 साल तक सेवा देने के बाद वे इस साल की शुरुआत में राज्यसभा से सेवानिवृत्त हुए।
डिजिटल झरोखा की और से डॉ मनमोहन सिंह जी को अश्रुपूर्ण श्रद्धांजलि